StateNewsखेलदेश - विदेश

Women’s T20 World Cup 2026: भारत की धमाकेदार जीत, नीदरलैंड को 95 रन से हराया; श्री चरणी ने झटके 4 विकेट

दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है। हेडिंग्ले, लीड्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को 95 रन के बड़े अंतर से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह महिला टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।

210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 17.3 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की इस जीत में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई।

भारतीय पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में की। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 115 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत आधार दिया। स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों पर 55 रन बनाए और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

गेंदबाजी में भारत की स्पिनर श्री चराणी सबसे सफल रहीं। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट अपने नाम किए और नीदरलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। नंदिनी शर्मा ने दो विकेट हासिल किए, जबकि शेफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए तीन विकेट झटके।

नीदरलैंड की कप्तान बैबेट डी लीडे ने संघर्ष करते हुए 28 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और पूरी टीम को 114 रन पर समेट दिया।

लगातार दो जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है। अब टीम की नजर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत करने पर है। भारत का अगला मुकाबला 21 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैनचेस्टर में होगा। इसके बाद टीम 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।

Related Articles

Back to top button