छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, भारी बारिश-बिजली गिरने का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सोमवार से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है। अगले दो दिनों तक कई इलाकों में ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। यह सिस्टम 23 सितंबर की सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट के पास पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
रायपुर में बादल छाए रहने के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में सोमवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रविवार को भी कई जगह हुई बारिश
इससे पहले रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। छिंदगढ़ में सबसे ज्यादा 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 मिमी, नांगर और सुकमा में 5-5 मिमी बारिश हुई। जगदलपुर, मालखरौदा, ओरछा, पेंड्रा रोड और कुसमी में 4-4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और पेंड्रा रोड में न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





