नक्सलियों का हथियार डंप मिला, AK-47 समेत 3 रायफल बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला जंगल में सर्चिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार डंप बरामद किया है। डंप से AK-47 समेत तीन रायफल, 9 एमएम पिस्टल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। सूचना मिलने के बाद भैरमगढ़ थाना पुलिस और DRG की टीम को उतला गांव के जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। तलाशी के दौरान जमीन के नीचे संदिग्ध जगह मिलने पर जवानों ने सावधानी से खुदाई की। यहां नक्सलियों द्वारा गाड़कर रखा गया हथियारों का डंप मिला।
डंप से क्या-क्या बरामद हुआ
सुरक्षाबलों ने मौके से एक AK-47 रायफल, एक .315 बोर रायफल और एक सिंगल शॉट रायफल बरामद की। इसके अलावा एक 9 एमएम पिस्टल, दो AK-47 मैगजीन और जिंदा कारतूस भी मिले।
बरामदगी में 45 AK-47 राउंड, 25 नग 9 एमएम के जिंदा राउंड और .315 बोर रायफल के छह जिंदा कारतूस शामिल हैं। सभी हथियार और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। संगठन की गतिविधियों और पुराने मामलों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। इसी पूछताछ से मिली सूचना के आधार पर उतला जंगल में हथियार डंप की जानकारी मिली, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने सर्चिंग कर इसे बरामद किया। पुलिस अब डंप से जुड़े अन्य लोगों और नक्सली नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।





