देशभर में बदलेगा मौसम: दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, कश्मीर में बर्फबारी के आसार; उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड

दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कहीं बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, तो कहीं सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 नवंबर को दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम फिलहाल शुष्क रहेगा। 10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है।
तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 नवंबर तक कई जगह भारी बारिश होने का अनुमान है। केरल और माहे में भी 8 नवंबर को तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर दिखाई दे सकता है।
कश्मीर में बर्फबारी, पहाड़ों पर बढ़ेगी ठंड
उत्तर-पश्चिम भारत में 10 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कश्मीर घाटी में 12 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में भी 8 और 9 नवंबर को छिटपुट बारिश के आसार हैं।
दिल्ली समेत मैदानी राज्यों में शुष्क रहेगा मौसम
दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दिल्ली में 8 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। छत्तीसगढ़ समेत मध्य भारत में भी फिलहाल बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। हालांकि, सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने बारिश और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।





