StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बदला मौसम: राजस्थान में आंधी-बारिश से 3 मौतें, यूपी में ओलावृष्टि; कई शहरों में अब भी हीटवेव

दिल्ली। देश के कई राज्यों में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड समेत कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई। राजस्थान के जयपुर, टोंक और अजमेर में शनिवार को आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं यूपी के रायबरेली समेत कई जिलों में बारिश के साथ जमकर ओले गिरे।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सुबह से काले घने बादल छाए रहे। तेज बारिश के चलते दिन में ही शाम जैसा अंधेरा हो गया। हरियाणा के अंबाला में भारी बारिश के कारण कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया। राजस्थान के पुष्कर में बारिश के बीच बारात टेंट लगाकर निकाली गई।

मौसम बदलने के बावजूद देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है। महाराष्ट्र का वर्धा 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। चंद्रपुर में 44.4°C, राजस्थान के जैसलमेर में 44.4°C और बाड़मेर में 44.3°C तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। 4 मई को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं असम, मेघालय, सिक्किम और बंगाल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

5 मई को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और राजस्थान में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। राजस्थान में लू और बारिश दोनों की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button