कोरबा। कोरबा शहर में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार पर कहर बनकर हमला किया। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित कपाटमुडा रोड पर देर रात निर्माणाधीन मकान की दीवार भरभराकर पास के घर पर गिर गई। हादसे में घर के अंदर सो रहे दंपति और उनका मासूम बच्चा मलबे में दब गए, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात तेज हवा और मौसम में बदलाव के चलते संतोष वर्मा के निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान की दीवार अचानक गिर गई। यह दीवार पड़ोसी अजय धनवार के मकान पर आ गिरी। उस समय अजय धनवार, उनकी पत्नी और उनका छोटा बच्चा घर के अंदर सो रहे थे। अचानक हुए इस हादसे में तीनों ईंटों और मलबे के नीचे दब गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे परिवार को बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे में घर के भीतर रखा दोपहिया वाहन, बर्तन, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के अंदर अब भी ईंटों का मलबा बिखरा पड़ा है, जिससे नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। कमजोर संरचना और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। घटना ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
