कुनकुरी में 1.01 करोड़ के दो विकास कार्यों को मंजूरी

सीएम साय की घोषणा पर अमल; सूर्य नमस्कार चौक और सामुदायिक भवन का होगा निर्माण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप जशपुर जिले के कुनकुरी नगर में दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों को अंतिम स्वीकृति मिल गई है। सूर्य नमस्कार चौक और सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। दोनों कार्यों के पूरा होने से नगर में अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री साय ने ग्राम कलिबा में नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान इन दोनों विकास कार्यों की घोषणा की थी। अब घोषणा के अनुरूप राशि स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्यों का रास्ता साफ हो गया है।

सूर्य नमस्कार चौक के लिए 76.81 लाख

कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 6 में हनुमान टेकड़ी के पास सूर्य नमस्कार चौक विकसित किया जाएगा। इसके लिए 76.81 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। चौक के निर्माण से क्षेत्र को व्यवस्थित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। इससे नगर की पहचान को भी नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

24.83 लाख से बनेगा सामुदायिक भवन

इसी क्षेत्र में सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 24.83 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। भवन बनने के बाद स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।

घोषणा पर अमल से नगरवासियों में खुशी

दोनों विकास कार्यों को अंतिम स्वीकृति मिलने पर कुनकुरी के लोगों में खुशी है। नगरवासियों ने मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर सुविधाओं का विस्तार होगा। सूर्य नमस्कार चौक और सामुदायिक भवन के निर्माण से नगर के सार्वजनिक ढांचे को मजबूती मिलने के साथ सामाजिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

↑
Exit mobile version