मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई हरी झंडी, शिर्डी, शनि शिंगणापुर और त्र्यंबकेश्वर जाएंगे श्रद्धालु
रायपुर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन तीर्थयात्रियों को लेकर रवाना हुई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने यात्रियों से मुलाकात कर उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली और सुखद एवं सुरक्षित तीर्थयात्रा की शुभकामनाएं दीं।
यह यात्रा 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इस दौरान श्रद्धालु महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा में शिर्डी में साईं बाबा मंदिर, शनि शिंगणापुर में शनिदेव और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन शामिल हैं। ट्रेन की रवानगी के दौरान रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष अवसर
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो लंबे समय से तीर्थयात्रा की इच्छा रखते हैं, लेकिन आर्थिक या अन्य परिस्थितियों के कारण यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि तीर्थ दर्शन आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि पात्र हितग्राहियों को प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं मिलें और वे सुरक्षित व सहज वातावरण में दर्शन कर सकें।
समाज कल्याण विभाग कर रहा योजना का संचालन
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र हितग्राहियों को प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर दिया जाता है। मंत्री ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। ट्रेन की रवानगी के अवसर पर समाज कल्याण विभाग और रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
