ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 26 अक्टूबर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह: ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ होगी थीम

1 नवंबर तक चलेगा अभियान; 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सभी सरकारी कार्यालयों में दिलाई जाएगी भ्रष्टाचार के खिलाफ शपथ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का आयोजन 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक किया जाएगा। केंद्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के तहत होने वाले इस अभियान की इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने अभियान के व्यवस्थित आयोजन को लेकर सभी शासकीय विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सप्ताहभर प्रदेशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता और ईमानदारी को बढ़ावा देने से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य शासकीय कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करना है।

26 अक्टूबर को दिलाई जाएगी शपथ

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के पहले दिन 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार के खिलाफ शपथ लेंगे। इस दौरान ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया जाएगा।

शपथ के माध्यम से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की भावना विकसित करने और रिश्वत के लेन-देन से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

गतिविधियों की रिपोर्ट होगी ऑनलाइन

सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के अनुसार सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। संबंधित विभाग निर्धारित प्रारूप में जानकारी तैयार कर उसे केंद्रीय सतर्कता आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करेंगे।

सरकार का उद्देश्य अभियान के जरिए सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ समाज में भी ईमानदारी, पारदर्शिता और कानून के शासन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण के निर्माण में नागरिकों और शासकीय कर्मचारियों की भागीदारी पर जोर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button