दंतेवाड़ा के गणेश कर को CM साय ने अमेरिका भेजा पत्र: विदेश में छत्तीसगढ़ की संस्कृति बचाने की पहल को सराहा

NACHA के जरिए प्रवासियों को जोड़ रहे गणेश; स्वदेशी मेला और विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए ‘उड़ान’ पहल की भी की तारीफ
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा से निकलकर अमेरिका में अपनी पहचान बनाने वाले गणेश कुमार कर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य स्थापना दिवस पर विशेष पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विदेश में रहते हुए भी छत्तीसगढ़ की भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के उनके प्रयासों की सराहना की। पत्र मिलने के बाद गणेश कर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
अमेरिका में छत्तीसगढ़ियों को कर रहे एकजुट
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में दंतेवाड़ा से अमेरिका तक गणेश कर के सफर को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) के माध्यम से विदेशों में रहने वाले छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने के प्रयासों की तारीफ की। इस पहल के जरिए प्रवासी छत्तीसगढ़ी अपनी बोली, तीज-त्योहार और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रह पा रहे हैं।
साय ने गणेश कर के स्वदेशी मेले की पहल को भी सराहा। इसके जरिए भारतीय उत्पादों, कला और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प से जोड़ते हुए महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
विद्यार्थियों की मदद के लिए चला रहे ‘उड़ान’
मुख्यमंत्री ने गणेश कर की ‘उड़ान’ पहल का भी उल्लेख किया। इसके तहत विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा और छात्रवृत्ति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी सफलता के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की कोशिश सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में विकसित भारत-2047 और विकसित छत्तीसगढ़-2047 के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों का अनुभव और ज्ञान प्रदेश के विकास में योगदान दे सकता है। उन्होंने गणेश कर से सभी प्रवासी छत्तीसगढ़ियों तक स्थापना दिवस की शुभकामनाएं पहुंचाने का आग्रह भी किया। गणेश कर ने वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री का पत्र दिखाते हुए उनके प्रति आभार जताया।





