अमित शाह पर आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल, रायपुर में FIR; ‘मोटू-पतलू’ ID चलाने वालों की तलाश

रायपुर। सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों समेत कई लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक और कथित तौर पर भ्रामक पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद रायपुर के सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच शुरू कर संचालकों की पहचान करने की कवायद शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा ने पुलिस को बताया कि cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। आरोप है कि इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि इन अकाउंट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों से संबंधित वीडियो भी पोस्ट किए गए, जिनमें आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने और गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
अकाउंट संचालकों की पहचान में जुटी पुलिस
अमन यादव ने पुलिस से दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर उन्हें संचालित करने वाले लोगों की पहचान करने और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि आलोचना या टिप्पणी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा है, लेकिन जानबूझकर झूठी, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना अलग मामला है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्ट और वीडियो की सामग्री के साथ अकाउंट संचालकों की पहचान और सोशल मीडिया पर कंटेंट के प्रसार से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





