जगदलपुर। सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बस्तर की राजनीति गरमा गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और FIR की मांग की है।
मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब आरोप लगा कि कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया पोस्ट में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर देशभर में चल रही सियासी बयानबाजी के बीच यह विवाद अब स्थानीय स्तर पर भी सड़कों से थाने तक पहुंच गया है।
भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने थाने में शिकायत सौंपते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान पर इस तरह की टिप्पणी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता के खिलाफ नारेबाजी भी की और कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, इस पूरे मामले में कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोपों को लेकर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा राजनीतिक द्वेष के तहत मुद्दा उठा रहा है। मौर्य ने यह भी सवाल उठाया कि प्रदेश और बस्तर में महिलाओं से जुड़े अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन भाजपा महिला मोर्चा ऐसे गंभीर मुद्दों पर चुप क्यों रहता है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस विवाद के बाद बस्तर में सियासी माहौल और गरमा गया है।
