IND-24 के विशेष कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री- 14 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, 34 लाख लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच; बस्तर में शांति और विकास पर फोकस
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन, जनकल्याण और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बीते तीन वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समुदायों के लिए कई फैसले लिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के तीन करोड़ लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद- छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर बात कर रहे थे।
8.60 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले
सीएम ने बताया कि प्रदेश को पिछले तीन वर्षों में 8.60 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है।
उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के तहत 5 हजार स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य है।
महिलाओं और किसानों के लिए बड़े फैसले
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी की गई है। प्रदेश में 14 लाख से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के हिसाब से इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है।
बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर जोर
सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान में 34 लाख से अधिक लोगों की जांच हुई है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बंद स्कूल फिर शुरू किए गए हैं। एआई मिशन के तहत 14 लाख विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाकर बस्तर में शांति के साथ विकास को गति दी जा रही है।
