रायपुर में जन-संवाद से होगा शुभारंभ; गांवों और समुदायों तक पहुंचाया जाएगा जागरूकता का संदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ 100 दिवसीय जन-जागरण अभियान शुरू होने जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग 27 नवंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसी दिन ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को रवाना कर ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। अभियान के जरिए लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम दोपहर 12 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि होंगी। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
सांसद-विधायक भी होंगे शामिल
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील कुमार सोनी, मोतीलाल साहू, इन्द्रकुमार साहू और अनुज शर्मा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, रायपुर की महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल शामिल होंगे।
बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर रहेगा फोकस
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह पहल की जा रही है। अभियान का उद्देश्य बाल विवाह रोकने के लिए परिवारों और समुदायों की भागीदारी बढ़ाना है।
विभाग के अनुसार, बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य चुनने के अधिकार पर असर पड़ता है। खासकर बालिकाओं की पढ़ाई और आगे बढ़ने के अवसर बाधित होते हैं। ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ के जरिए लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि हर बच्चे को पढ़ने, बढ़ने और अपना भविष्य तय करने का अधिकार है।
100 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में जन-जागरूकता और सामूहिक संकल्प के जरिए बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने पर जोर दिया जाएगा।
