CM साय बोले- संविधान सुशासन का मार्गदर्शक: बाबा साहेब के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाएंगे; आपातकाल में बड़े पिताजी 19 महीने जेल में रहे

संविधान गौरव दिवस पर रायपुर में संगोष्ठी और प्रदर्शनी का उद्घाटन; CM ने ‘संविधान से सुशासन तक’ पुस्तक का विमोचन किया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है।

हमारी सरकार संवैधानिक मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित संगोष्ठी और प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं के योगदान को याद किया। इस दौरान बाबा साहेब के जीवन और विचारों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन किया।

आपातकाल में बड़े पिताजी 19 महीने जेल में रहे

सीएम साय ने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिताजी नरहरि साय भी लोकतंत्र सेनानी थे। आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा। परिवार को भी इस दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और संघर्ष से नई पीढ़ी को परिचित कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है।

जनजातीय परंपराओं को सुरक्षित रखेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए समिति गठित की गई है। जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब वहां सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को सरकार की प्राथमिकता बताया।

कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडेय और पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने भी विचार रखे। विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version