
CM के काफिले आधे; त्रिपुरा में 50% कर्मचारी करेंगे वर्क फ्रॉम होम
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन और सरकारी खर्च बचाने की अपील का असर अब राज्यों में दिखाई देने लगा है। देश के 12 राज्यों ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सरकारी खर्च घटाने के लिए बड़े फैसले लिए हैं।
त्रिपुरा सरकार ने आदेश जारी कर कहा है कि अब ग्रुप C और D के केवल 50% कर्मचारी ही रोज ऑफिस आएंगे, जबकि बाकी कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। हालांकि जरूरी और इमरजेंसी सेवाओं पर यह नियम लागू नहीं होगा।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या 50% तक घटा दी है। गोवा में CM के काफिले में पहले 6 गाड़ियां चलती थीं, जिन्हें घटाकर 3 कर दिया गया है। वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी अब सिर्फ चार गाड़ियों के काफिले के साथ निकल रहे हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी काफिला छोटा करने का फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की कि वे हफ्ते में एक दिन बिना सरकारी गाड़ी के चलेंगे। पंजाब में राजभवन ने हर बुधवार अधिकारियों के चार पहिया वाहन से आने पर रोक लगाने का फैसला किया है।
राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले में अब सिर्फ 5 गाड़ियां रहेंगी, जबकि पहले 14 से 16 वाहन चलते थे। मध्य प्रदेश में VIP काफिलों पर रोक लगाई गई है और मंत्रियों को कम वाहन इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने मंत्रियों और अधिकारियों के काफिले 50% घटाने, वर्चुअल मीटिंग बढ़ाने और हफ्ते में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने का फैसला लिया है। दिल्ली में मंत्री आशीष सूद मेट्रो और ई-रिक्शा से कार्यक्रम में पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने, विदेश यात्रा टालने और सोने की खरीद कम करने की अपील की थी।





