ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय से केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे की मुलाकात, कोयला उत्पादन और निवेश बढ़ाने पर चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में कोयला उत्पादन, ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक निवेश और आधारभूत संरचना विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में राज्य में कोयला उत्पादन बढ़ाने और खनन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही रेल नेटवर्क और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई, ताकि औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल सके।

बैठक में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, कोयला गैसीकरण, सौर ऊर्जा विकास और खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग के जरिए निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर भी मंथन किया गया। केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाकर औद्योगिक विकास को तेजी देने की बात कही गई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और केंद्र सरकार के सहयोग से ऊर्जा, खनन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई संभावनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश अनुकूल माहौल तैयार करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे उद्योगों को भी फायदा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button