छत्तीसगढ़ में दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों को प्रमोशन, प्रमुख सचिव बनाए गए रोहित यादव और कमलप्रीत सिंह

वित्त और स्कूल शिक्षा विभाग की मिली जिम्मेदारी, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के दो वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा दिया है। वर्ष 2002 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान (पे मैट्रिक्स लेवल-15) में पदोन्नत किया गया है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए दोनों अधिकारियों की नई पदस्थापना भी तय कर दी है।
जारी आदेश के मुताबिक, डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग और अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इससे पहले वे वित्त विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे और जनसंपर्क विभाग के सचिव सहित पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
वहीं, डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले इसी विभाग में सचिव के रूप में काम कर रहे थे। पदोन्नति के बाद अब दोनों अधिकारी प्रमुख सचिव के वेतनमान और पद के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
केंद्र से मिली थी दो पदों की मंजूरी
प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति की प्रक्रिया के तहत भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT), नई दिल्ली ने 13 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी किया था। इसमें छत्तीसगढ़ के लिए प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति की दो रिक्तियों का निर्धारण किया गया था। इसी के आधार पर राज्य शासन ने दोनों अधिकारियों को पदोन्नत करने का निर्णय लिया। सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर को पदोन्नति और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं।





