राजस्थान में बढ़ी गर्मी, बाड़मेर में 35°C पार; एमपी-छत्तीसगढ़ में बारिश-ओलावृष्टि, उत्तराखंड में बर्फबारी का अलर्ट

दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। राजस्थान में फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही तेज गर्मी का असर दिखने लगा है,।
जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में बारिश व ओलावृष्टि से मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी हुई है।
राजस्थान में बाड़मेर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। राज्य के 20 से ज्यादा शहरों में तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। रात के तापमान में भी गिरावट कम हुई है और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
इधर मध्य प्रदेश में लो प्रेशर एरिया और दो ट्रफ के असर से 10 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। शिवपुरी में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका है।
छत्तीसगढ़ में भी बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण रायपुर, बिलासपुर सहित कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी बारिश और ओले गिरे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
उत्तराखंड के केदारनाथ धाम, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी हुई, जबकि चमोली के गोपेश्वर में बारिश दर्ज की गई। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में आज भी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी है।
वहीं दिल्ली में भी मौसम सामान्य से ज्यादा गर्म रहा और अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के इसी तरह बने रहने का अनुमान जताया है।





