सुनीता आहूजा का छलका दर्द: काली मंदिर में बोलीं- मेरे घर को बर्बाद करने वाली को मां देखें

मुंबई। अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने कोलकाता के दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और अपने निजी जीवन में चल रही परेशानियों का जिक्र किया। उन्होंने मां काली से अपने जीवन के संकट दूर करने की प्रार्थना की।
सुनीता ने किसी व्यक्ति का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को गोविंदा से जुड़े हालिया विवादों की चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
दक्षिणेश्वर काली मंदिर में दर्शन के बाद सुनीता ने कहा कि मां काली राक्षसों का नाश करती हैं। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में भी कुछ ‘राक्षस’ हैं और वह माता से उनके नाश की प्रार्थना करने आई हैं।
उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि निजी जीवन से जुड़ी चर्चाओं को आगे न बढ़ाया जाए। सुनीता ने कहा कि मीडिया में आने के लिए कुछ लोग पब्लिसिटी कर रहे हैं और वह चाहती हैं कि मीडिया ऐसी चीजों को सपोर्ट न करे।
‘औरतें और Gen Z बच्चे मेरे लिए स्टैंड लें’
सुनीता ने कहा कि उनके साथ जो हो रहा है, वह अच्छा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उनका घर बिना किसी मतलब के टूट रहा है। उन्होंने महिलाओं और Gen Z युवाओं से उनके लिए स्टैंड लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि लोग उनकी स्थिति को समझें और मीडिया से भी इस मामले को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की। मंदिर में उन्होंने मां काली से संकट दूर करने की प्रार्थना करते हुए कहा कि जो उनके घर को बर्बाद कर रहा है, माता उसे देखें।
गोविंदा के कमबैक को लेकर भी चर्चा
गोविंदा करीब सात साल बाद फिल्म ‘रूपा’ से बॉलीवुड में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। इस फिल्म में उनकी सह-कलाकार कोमल रानी स्वर्णकार हैं। हाल के दिनों में दोनों को कुछ मौकों पर साथ देखे जाने के बाद सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं हुई हैं।
गोविंदा ने इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनकी निजी जिंदगी किसी दूसरे व्यक्ति के लिए चिंता या चर्चा का विषय नहीं होनी चाहिए।





