सीमेंट फैक्ट्री में टरबाइन ब्लास्ट, 3 इंजीनियर्स की मौत: झुलसे मजदूर की हालत गंभीर; ओवरहीटिंग का आरोप, ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के बरकाकाना स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान पावर प्लांट में अचानक टरबाइन ब्लास्ट हो गया।
धमाका इतना जोरदार था कि प्लांट में भीषण आग लग गई। हादसे में 3 इंजीनियर्स की झुलसने से मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान रांची निवासी संजीव कुमार केसरी (50), बोकारो के जगेश्वर बिहार निवासी विनीत महतो (25) और गढ़वा निवासी अभिषेक पांडेय (24) के रूप में हुई है। वहीं घायल मजदूर तरुण रजवार का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चार-पांच दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद रामगढ़ से चार-पांच दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद पावर प्लांट में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद देर रात तक फैक्ट्री परिसर में राहत और बचाव का काम चलता रहा।
शनिवार सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण फैक्ट्री के बाहर जुट गए। ग्रामीणों ने मृत कर्मचारियों के आश्रितों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। ग्रामीणों ने फैक्ट्री गेट जाम करने की भी चेतावनी दी है। इससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।
यूनिट इंचार्ज ने ओवरहीटिंग को बताया वजह
पावर प्लांट यूनिट के इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि तापमान बढ़ने और ओवरहीटिंग के कारण हादसा हुआ। उनका कहना है कि तापमान नियंत्रित करने के लिए एसी लगाने का अनुरोध प्रबंधन से किया गया था, लेकिन पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।
हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।





