रायपुर में ट्रेन में डंडा मारकर मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2 मोबाइल बरामद; टिकट काउंटर चोरी का भी खुलासा

रायपुर। लोकल ट्रेन में यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल लूटने वाले आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चलती ट्रेन में मोबाइल पर बात कर रहे यात्री के हाथ पर डंडा मारकर फोन छीना और ट्रेन से उतरकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घटना 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है। डोंगरगढ़-बिलासपुर लोकल ट्रेन नंबर 68706 रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले यात्री दीपक पटेल (32) निवासी बिजोरा, कटघोरा मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उनके हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल छीन लिया और ट्रेन से उतरकर भाग गया।
शिकायत के बाद GRP रायपुर थाने में अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज किया गया। भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार और रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर RPF पोस्ट रायपुर और GRP की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ और तलाश की गई। लगातार प्रयास के बाद 11 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के पास ऑटो स्टैंड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान अंशु रानेकर (19) निवासी रामनगर, गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से यात्री से छीना गया रियलमी मोबाइल बरामद कर लिया गया।
टिकट काउंटर से चोरी का भी खुलासा
तलाशी के दौरान आरोपी के पास वीवो कंपनी का एक और मोबाइल मिला। पूछताछ में उसने इसे 20 अप्रैल 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट काउंटर से चोरी करना स्वीकार किया। इस मामले में GRP थाने में पहले से अपराध क्रमांक 74/2026, धारा 303(2) BNS के तहत केस दर्ज है।
पुलिस अब आरोपी से अन्य घटनाओं और उसके आपराधिक नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।





