दिल्ली में दर्दनाक अग्निकांड: 4 मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत; AC ब्लास्ट की आशंका

दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। चार मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में लगी आग में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से 15 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसा सुबह करीब 4 बजे ब्लॉक-बी स्थित एक इमारत में हुआ, जिसमें कुल 8 फ्लैट बने हुए थे। शुरुआती आशंका AC में ब्लास्ट के बाद आग लगने की जताई जा रही है।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आग तेजी से दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई थी। दमकल विभाग की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू के दौरान कुछ लोगों को बालकनी और खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला गया। दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा इतना भयावह था कि कई शव बुरी तरह झुलस गए। कुछ शव कंकाल जैसी हालत में मिले। पुलिस के मुताबिक पहले फ्लोर से एक, दूसरे फ्लोर से पांच और तीसरे फ्लोर की सीढ़ियों से तीन शव बरामद किए गए। जिस सीढ़ी से लोग बाहर निकल सकते थे, उसका मेन गेट लॉक था, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए।
डीएफएस अधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि आग इमारत के पिछले हिस्से में लगी थी। खिड़कियों पर लगी सेफ्टी ग्रिल के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कतें आईं। मृतकों में जैन परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।





