छत्तीसगढ़ और दिल्ली-NCR के साथ पूर्वोत्तर के व्यापारिक रिश्ते होंगे मजबूत: राज्यपाल रमेन डेका से चैंबर प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, निवेश के अवसरों पर चर्चा

वनोपज, कृषि, फार्मिंग, स्टील और चाय समेत कई क्षेत्रों में कारोबार बढ़ाने पर मंथन; दोनों चैंबर के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर और दिल्ली-NCR के बीच व्यापारिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। पूर्वोत्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी, दिल्ली-NCR और छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने समन्वयक सुशील अग्रवाल के नेतृत्व में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। बैठक में तीनों क्षेत्रों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और नए कारोबारी अवसर तलाशने पर विचार-विमर्श हुआ।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। यहां वनोपज, कृषि एवं फार्मिंग, स्टील और चाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार एवं उद्योग के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ हरसंभव सहयोग कर रही है।

पूर्वोत्तर और दिल्ली-NCR में भी संभावनाएं

राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए पूर्वोत्तर राज्यों और दिल्ली-NCR में भी कारोबार विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। दोनों क्षेत्रों के चैंबर ऑफ कॉमर्स आपसी समन्वय बढ़ाकर व्यापारियों और उद्योगपतियों को बाजार, निवेश और कारोबार से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों की विशेषज्ञता और संसाधनों को आपस में जोड़कर व्यापार के नए रास्ते खोले जा सकते हैं। इससे स्थानीय उद्योगों को बाजार मिलेगा और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने तथा नए उद्योग एवं कारोबार के अवसर विकसित करने को लेकर अपने सुझाव साझा किए। बैठक में दोनों चैंबर के बीच सहयोग और समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर पूर्वोत्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी, नई दिल्ली-NCR के अध्यक्ष अजय खेमानी, राजेश सोनी, सह-समन्वयक सारंग अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version