विजय शर्मा बोले- शहर में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित होंगी; भोरमदेव कॉरिडोर के लिए 146 करोड़ मंजूर
कवर्धा। कवर्धा के हटरी पारा में 9 लाख 75 हजार रुपए की लागत से बने महर्षि कश्यप चौक और उनकी प्रतिमा का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया। कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में विजय शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरित करने का माध्यम हैं। युवाओं को महापुरुषों के जीवन मूल्यों का अध्ययन कर उन्हें अपने आचरण में उतारना चाहिए।
उन्होंने बताया कि कवर्धा में छत्रपति शिवाजी महाराज और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। शहर में आगे अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं भी लगाई जाएंगी।
भोरमदेव कॉरिडोर के लिए 146 करोड़ मंजूर
उप मुख्यमंत्री ने शहर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है। हनुमंत वाटिका को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका बनाई जाएगी। बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार और विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए भी काम किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भोरमदेव मंदिर में भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 146 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं और निर्माण कार्य जारी है। इससे मंदिर का धार्मिक और पर्यटन महत्व बढ़ेगा।
56 करोड़ से फोरलेन सड़क का काम शुरू
शर्मा ने कहा कि बिलासपुर और रायपुर मार्ग पर करीब 56 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू हो चुका है। ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक 10 करोड़ रुपए से सड़क बनाई गई है। नया बस स्टैंड भी शुरू हो रहा है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने की योजना है, जिससे स्थानीय व्यापारियों को अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।
