भिलाई में रामकथा सुनने पहुंचे CM साय: बोले- छत्तीसगढ़ से प्रभु राम का गहरा नाता, 55 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

सेक्टर-2 में संत चिन्मयानंद बापू की कथा में हुए शामिल; जनवरी 2027 में रायपुर में होने वाली रामकथा के लिए श्रद्धालुओं को दिया न्योता

भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्रीराम कथा में शामिल हुए।

उन्होंने व्यासपीठ को नमन कर कथावाचक संत चिन्मयानंद बापू से आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर कथा सुनी। इस दौरान उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

बोले- छत्तीसगढ़ प्रभु राम का ननिहाल

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भिलाई में पिछले आठ दिनों से श्रीराम कथा का आयोजन हो रहा है। संत चिन्मयानंद बापू के श्रीमुख से कथा सुनना सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से गहरा आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंध है। मान्यता है कि भगवान राम ने अपने वनवास का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताया था।

मुख्यमंत्री ने राजिम के कुलेश्वर महादेव मंदिर और चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि राम वनगमन पथ से जुड़े कई स्थल प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़वासी प्रभु श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने से प्रदेश के लोगों में विशेष उत्साह है।

रामलला दर्शन योजना से 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित

सीएम ने बताया कि राज्य सरकार की श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर दर्शन कर चुके हैं। हर सप्ताह अंबिकापुर, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग से विशेष ट्रेनों के जरिए करीब 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जनवरी 2027 में रायपुर में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version