गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारे पहुंचे CM साय: मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, लंगर में ग्रहण किया प्रसाद

भिलाई के सेक्टर-6 गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में प्रकाश पर्व समारोह में हुए शामिल; सिख समाज को दी शुभकामनाएं

भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को गुरु नानक देव जी की जयंती पर भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए।

उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद भी ग्रहण किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद लिया।

गुरु नानक देव के संदेशों को किया याद

प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती मनाने के लिए एकत्रित होना सौभाग्य की बात है।

इस पावन अवसर पर पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, पदाधिकारियों, माताओं-बहनों और युवाओं को प्रकाश पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सभी को निरंतर मिलता रहे।

श्रद्धालुओं के साथ समारोह में हुए शामिल

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल भी समारोह में शामिल हुए। गुरुद्वारे में बड़ी संख्या में सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित थे।

↑
Exit mobile version