सीएम साय ने रूआबांधा पुलिस चौकी का किया उद्घाटन; परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग और बच्चों के लिए बनेगा अनुकूल माहौल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के सेक्टर-6 में 33.24 लाख रुपए की लागत से बने दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इस थाने के दायरे में दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले आएंगे।
यहां ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और आईटी से जुड़े अपराधों की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान नशे के खिलाफ संकल्प अभियान की शुरुआत भी की।
तीन जिलों के साइबर अपराधों की होगी जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए साइबर थाना भवन से साइबर अपराधों की रोकथाम और विवेचना के लिए पुलिस को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यहां साइबर अपराधियों की पहचान, जांच और पीड़ितों को त्वरित सहायता देने का काम किया जाएगा। थाने की स्थापना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम-2000 और बौद्धिक संपदा अधिकारों से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस चौकी और प्रशिक्षण हॉल का उद्घाटन
सीएम ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का भी उद्घाटन किया। इसके शुरू होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके अलावा पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 में 15 लाख रुपए की लागत से उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का लोकार्पण किया गया। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिलेगी।
परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग और किलकारी कक्ष
जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रुपए की लागत से बने परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का भी शुभारंभ किया गया। इससे पारिवारिक विवादों के समाधान के साथ महिलाओं और बच्चों को अनुकूल वातावरण मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने पोस्टर विमोचन कर संकल्प अभियान-नशामुक्ति की शुरुआत की। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज में जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
