‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ नवाचार को मिली पहचान; स्वास्थ्य शिविरों से ऋण आवेदनों में तीन गुना बढ़ोतरी
रायपुर। पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की छत्तीसगढ़ की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य को अलग-अलग श्रेणियों में कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इनमें मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और पीएम स्वनिधि को जोड़कर शुरू किए गए ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ मॉडल को इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिला है।
नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू की मौजूदगी में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों के साथ पुरस्कार ग्रहण किए।
एक ही शिविर में इलाज और ऋण की सुविधा
इस नवाचार के तहत पीएम स्वनिधि के ऋण शिविरों में मोबाइल मेडिकल यूनिट भी पहुंचाई गई। यहां पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, 41 प्रकार के लैब टेस्ट और 170 तरह की जेनेरिक दवाइयां मिलती हैं।
साथ ही ऋण आवेदन भरने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद की जाती है। इस पहल के बाद शिविरों में आने वाले पथ विक्रेताओं की संख्या 50-60 से बढ़कर 120-150 हो गई। वहीं, प्रति शिविर ऋण आवेदन 20-25 से बढ़कर 60-70 तक पहुंच गए।
46 हजार से ज्यादा लोगों को मिला 92.93 करोड़ का ऋण
सितंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच 31,056 मोबाइल मेडिकल यूनिट शिविरों से 66,959 पात्र ऋण आवेदन मिले। इनमें से 48,523 आवेदन स्वीकृत हुए और 46,081 पथ विक्रेताओं को कुल 92.93 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया गया।
प्रदेश के 172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। नवंबर 2020 से अक्टूबर 2026 तक इनके जरिए 2.03 लाख स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इनमें 1.41 करोड़ मरीजों का उपचार, 37.37 लाख लैब टेस्ट और 1.24 करोड़ दवाइयों का वितरण किया गया।
इस पहल से महिला पथ विक्रेताओं की भागीदारी भी 45% से बढ़कर 68% हो गई है। विभाग के अनुसार, मुफ्त जांच और दवाइयों से प्रत्येक परिवार को सालाना करीब 5 से 7 हजार रुपए की बचत हो रही है।
