ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रेडियो की विश्वसनीयता और एआई की गति मिलकर जनसेवा को बनाएंगी अधिक सशक्त : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वंदे मातरम के नए गायन संस्करण का पेन ड्राइव लॉन्च किया तथा सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन आकाशवाणी रायपुर और यूनेस्को के सहयोग से किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘रेडियो और एआई’ अत्यंत सामयिक है। सूचना क्रांति के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और इसके माध्यम से रेडियो को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सही समय पर सही जानकारी नागरिकों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, जिसमें रेडियो की भूमिका हमेशा से विश्वसनीय रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आकाशवाणी देश का सबसे भरोसेमंद समाचार माध्यम है। प्रतिस्पर्धा के इस दौर में भी उसने संतुलित और जनहितकारी सूचना परंपरा को बनाए रखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का उल्लेख करते हुए कहा कि रेडियो की व्यापक पहुंच आज भी प्रासंगिक है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में आकाशवाणी के छह स्टेशन संचालित हैं और रायपुर से विविध भारती सेवा प्रसारित हो रही है। छत्तीसगढ़ी, गोंडी और हल्बी भाषाओं में प्रसारण से स्थानीय जुड़ाव मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है, जो डिजिटल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेडियो की विश्वसनीयता और एआई की गति मिलकर जनसेवा को नई शक्ति प्रदान करेंगी।

Related Articles

Back to top button