ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में 15 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी: 3 दिन चलेगा राज्य स्तरीय रोजगार मेला

रायपुर। राजधानी रायपुर में 29, 30 और 31 जनवरी को राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सेजबहार में लगेगा और इसमें निजी क्षेत्र की कंपनियां लगभग 15 हजार पदों पर युवाओं की भर्ती करेंगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग इस मेले का आयोजन कर रहा है। पहले दिन यानी 29 जनवरी को रायपुर जिले के आवेदकों के इंटरव्यू होंगे, जबकि अन्य जिलों के युवाओं के लिए साक्षात्कार की अलग-अलग तारीखें निर्धारित की गई हैं। मेले में बड़ी संख्या में निजी कंपनियां शामिल होंगी और योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगी।

जरूरी दस्तावेज़

रोजगार मेले में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों का रोजगार पोर्टल (www.erojgar.cg.gov.in) पर पंजीयन करना अनिवार्य है। इसके अलावा रोजगार मेला पंजीयन भी जरूरी है। जिन आवेदकों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, वे पोर्टल पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं।

साक्षात्कार के समय उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अनुभव प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। जो उम्मीदवार पहले ही ऑनलाइन पंजीयन कर चुके हैं, उन्हें दोबारा पंजीयन करने की आवश्यकता नहीं है। अधूरे आवेदन को पूरा किया जा सकता है।

मेला स्थल पर हेल्पडेस्क भी मौजूद रहेगा। इसके अलावा जिला रोजगार और स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर से भी मेले की जानकारी ली जा सकती है। तीन दिन चलने वाले इस रोजगार मेले में युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर मिलेंगे और योग्य उम्मीदवारों का चयन तुरंत किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button