ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति:उच्च शिक्षा मंत्री वर्मा

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार–भाटापारा जिले में जिला स्तरीय युवा संवाद एवं नेतृत्व विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। देश की प्रगति और विकास का आधार युवाओं की सोच, ऊर्जा और संकल्प पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही कल का नेतृत्व करेगा, इसलिए युवाओं को जिम्मेदार, जागरूक और राष्ट्रभक्त बनना होगा। मंत्री वर्मा ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए नवाचार, कौशल विकास और सामाजिक सहभागिता को अपनाने का आह्वान किया।

युवा संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न सत्रों के माध्यम से युवाओं से सीधा संवाद किया गया, जिसमें प्रेरक व्याख्यान, अनुभव साझा करने के सत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार खुलकर व्यक्त किए।

जिला प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों से आए 900 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उन्हें राष्ट्र सेवा, सामाजिक कार्यों और सामुदायिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया।

यह जिला स्तरीय युवा संवाद एवं नेतृत्व विकास कार्यक्रम युवाओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय और सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

Related Articles

Back to top button