छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग को मिलेगा बढ़ावा: मुख्य सचिव ने व्यापक कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग की संभावनाओं को विकसित करने और तकनीकी वस्त्र क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत ग्रामोद्योग विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रदेश के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि तकनीकी वस्त्र उद्योग के विकास के लिए प्रदेश में उपलब्ध संसाधनों और संभावनाओं का बेहतर उपयोग किया जाए। उन्होंने शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष जोर देते हुए शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों से आवश्यक सहयोग लेने के निर्देश दिए। इससे युवाओं को इस क्षेत्र के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
एग्रो से मेडिकल टेक्सटाइल तक संभावनाओं पर चर्चा
बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारियों ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। इसमें शिक्षा, प्रशिक्षण, कौशल विकास, बाजार विकास, अनुसंधान, नवाचार और उत्पाद विकास को लेकर योजनाओं की जानकारी दी गई।
बैठक में एग्रो टेक्सटाइल, मेडिकल टेक्सटाइल और कंस्ट्रक्शन टेक्सटाइल के साथ स्मार्ट टेक्सटाइल, स्पोर्ट्स, होम एवं क्लॉथ टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने प्रदेश में इन क्षेत्रों के विस्तार और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को लेकर विचार साझा किए।
विशेषज्ञों से लिया जाएगा तकनीकी सहयोग
बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा सहित उद्योग एवं वाणिज्य, तकनीकी शिक्षा, एनआईटी, कौशल विकास, उच्च शिक्षा और विश्वविद्यालयों से जुड़े अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए। विशेषज्ञों ने तकनीकी वस्त्र क्षेत्र में प्रशिक्षण, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
सरकार का उद्देश्य प्रदेश में टेक्सटाइल क्षेत्र को आधुनिक तकनीक और कौशल से जोड़कर नए उद्योग, रोजगार और बाजार के अवसर विकसित करना है।





