छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन नहीं बदलेगा तापमान: अंबिकापुर सबसे ठंडा, रायपुर में 17 डिग्री तक पहुंचेगा पारा; बारिश का अलर्ट नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बना हुआ है। सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप के कारण मौसम अपेक्षाकृत सामान्य है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 24 घंटे आसमान साफ रहेगा। अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। फिलहाल मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दुर्ग में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे साफ है कि प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर ज्यादा है, जबकि मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी बनी हुई है।
दुर्ग सबसे गर्म, जगदलपुर में 30 डिग्री तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री, राजनांदगांव में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में पारा 28.4 डिग्री और पेंड्रा रोड में 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रहने से यहां रात में ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
रायपुर में दिन में धूप, रात में हल्की ठंड
राजधानी रायपुर में 12 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में धूप निकलेगी, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी।
अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। ऐसे में प्रदेश में फिलहाल ठंड का मौजूदा दौर जारी रहने की संभावना है।





