StateNewsदेश - विदेश

कश्मीर में -11.2°C तक गिरा पारा: MP-राजस्थान में घना कोहरा, हादसों में 7 की मौत; हरियाणा-पंजाब में शीतलहर

दिल्ली। देशभर में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के चलते भीषण सर्दी पड़ रही है। गुरुवार रात घाटी के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया।

कश्मीर की सबसे ठंडी जगह सोनमर्ग रही, जहां तापमान माइनस 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग में पारा माइनस 9 डिग्री और कुपवाड़ा में माइनस 3.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

इधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और इसका सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा।

MP के ग्वालियर में भिंड रोड हाईवे पर कोहरे के कारण एक ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सभी 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं।

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे-58 पर कोहरे के कारण बड़ा हादसा हुआ। यहां 5 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

टक्कर के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

वहीं, हरियाणा और पंजाब में भी शीतलहर जैसे हालात हैं। गुरुवार को दोनों राज्यों के 5 शहरों में तापमान 4 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के नारनौल में पारा 2 डिग्री और भिवानी में 2.5 डिग्री रहा।

पंजाब के फरीदकोट में 3 डिग्री, बठिंडा में 3.8 डिग्री और फिरोजपुर में 3.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। लोगों को कोहरे और फिसलन वाली सड़कों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button