दिल्ली से पहुंचे 41 इन्फ्लुएंसर ने राज्यपाल रमेन डेका से की मुलाकात; विकास, शांति और पर्यटन की संभावनाओं को करीब से देखा

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के बाद केंद्र और राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे लोगों का विश्वास बढ़ रहा है और भय का माहौल धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बस्तर में आए इस सकारात्मक बदलाव को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
राज्यपाल गुरुवार को दिल्ली से छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए 41 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के दल से मुलाकात कर रहे थे। ये इन्फ्लुएंसर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश पहुंचे हैं। उन्होंने बस्तर में तीन दिन बिताकर स्थानीय लोगों से संवाद किया और विकास कार्यों के साथ पर्यटन की संभावनाओं को करीब से देखा।
बोले- उम्मीद से ज्यादा बदलाव दिखा
इन्फ्लुएंसर ने राज्यपाल को बताया कि उन्होंने नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों और गांवों का दौरा किया। स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत में बस्तर की वर्तमान स्थिति को समझा। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से नक्सलवाद के बाद बस्तर में हुए बदलावों की जानकारी मिली थी, लेकिन यहां पहुंचकर वास्तविक स्थिति देखने पर उम्मीद से कहीं अधिक सकारात्मक परिवर्तन नजर आया।
इन्फ्लुएंसर ने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, बेहतर सड़क संपर्क और पुनर्वास एवं रोजगार के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से अपने अनुभव साझा कर बस्तर को लेकर बनी पुरानी धारणाओं को बदलने और पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास करेंगे।
5 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंच
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने बताया कि 41 इन्फ्लुएंसर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से 5 करोड़ से अधिक लोग जुड़े हैं। राज्यपाल ने कहा कि बस्तर में शिक्षा के प्रति बच्चों का रुझान बढ़ा है और सड़क सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। रोजगार के अवसर बढ़ने से विकास की गति और तेज होगी। इस दौरान राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





