ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बालोद में रिसॉर्ट से टीचर और भाजपा नेता पकड़े गए: पति-पत्नी ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक हाईवोल्टेज मामला सामने आया है, जहां एक भाजपा कार्यकर्ता ने अपनी शिक्षिका पत्नी को पार्टी के ही एक नेता के साथ रिसॉर्ट में पकड़ने का दावा किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला सुर्खियों में है।

जानकारी के मुताबिक, पति ने पुलिस टीम के साथ गुंडरदेही इलाके के एक रिसॉर्ट में दबिश दी। उसका आरोप है कि उसकी पत्नी का भाजपा के एक पदाधिकारी के साथ अवैध संबंध है। पति का कहना है कि वह लंबे समय से पत्नी पर नजर रखे हुए था और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचा।

पति के अनुसार, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद पहले आरोपी नेता बाहर आया, जबकि करीब दो घंटे बाद उसकी पत्नी कमरे से बाहर निकली। इस दौरान पति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में सभी को थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ की गई।

शिकायत में पति ने पत्नी पर कई अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उसका कहना है कि पत्नी बच्चों के साथ मारपीट करती है, उन्हें धमकाती है और कई लोगों से संबंध होने की बात भी सामने आई है। उसने एसपी से लिखित शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पत्नी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उसने एक वीडियो जारी कर पति पर ही मारपीट, नशा करने और उसे बदनाम करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह अपनी मर्जी से रिसॉर्ट गई थी और उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button