
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है। देशभर से कांग्रेस नेता रायपुर पहुंचे हुए हैं। राहुल गांधी आज दोपहर 2 बजे के बाद पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को स्टीयरिंग कमेटी की बैठक होगी। जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे।। इस बैठक में महत्वपूर्ण नीतियों पर चर्चा की जाएगी। राहुल गांधी2 बजे के करीब रायपुर पहुचेंगे इसलिए स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे।
आज रायपुर आएंगे 62 बड़े नेता
शुक्रवार को राहुल गांधी के अलावा देशभर से 62 और बड़े कांग्रेस नेता रायपुर आएंगे। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस के अन्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, कई विधायक और प्रदेश की सरकारों में मंत्री शामिल हैं। सचिन पायलट और पूर्व मंत्री शिवराज पाटिल भी शुक्रवार को रायपुर आएंगे।