भारत-बांग्लादेश रिश्ते में आ रही मिठास: खलीलुर रहमान नई दिल्ली पहुंचे; डोभाल से मुलाकात की

दिल्ली। रत और बांग्लादेश के बीच पिछले डेढ़ साल से चली आ रही कड़वाहट अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है। इसी सकारात्मक माहौल के बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान तीन दिन के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि करीब 18 महीने बाद किसी बांग्लादेशी शीर्ष राजनयिक का भारत दौरा हुआ है।
दिल्ली पहुंचने के बाद खलीलुर रहमान ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ डिनर किया। इस मुलाकात में दोनों देशों के रिश्तों को फिर से मजबूत बनाने और आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। हालांकि इस बैठक को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि दोनों पक्ष संबंधों को नई दिशा देने के लिए गंभीर हैं।
आज रहमान की मुलाकात भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी होगी। इस बैठक में गंगा जल संधि को आगे बढ़ाने, व्यापार बढ़ाने और ऊर्जा आपूर्ति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। बांग्लादेश भारत से अतिरिक्त ईंधन आपूर्ति और वीजा नियमों में ढील की भी मांग कर रहा है।
दोनों देशों के बीच एक संवेदनशील मुद्दा पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का भी है, जो फिलहाल भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश की नई सरकार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है, लेकिन भारत ने इस पर अभी कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन और मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आ गया था। हालांकि अब तारिक रहमान के सत्ता में आने के बाद हालात सुधरते दिख रहे हैं।
कुल मिलाकर, यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों में नई शुरुआत और विश्वास बहाली की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।





