StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

इमरान हाशमी की फिल्म के सेट पर हवा में पलटी SUV, वैन से टकराई; VIDEO वायरल

बेंगलुरु। बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म गनमास्टर G9 के सेट से एक खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आया है। इसमें क्रेन से हवा में लटकाई गई SUV अचानक पलटकर नीचे खड़ी वैन पर गिरती दिखाई दे रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि SUV का पलटना फिल्म के स्टंट का हिस्सा था या शूटिंग के दौरान कोई गड़बड़ी हुई।

वीडियो में आउटडोर सेट पर सड़क के बीच एक बड़ी क्रेन की मदद से SUV को हवा में लटकाया गया है। आसपास क्रू मेंबर्स और अन्य लोग मौजूद हैं। काउंटडाउन खत्म होते ही SUV हवा में घूमने लगती है और फिर नीचे की ओर गिरते हुए काली वैन की छत से टकरा जाती है। घटना के तुरंत बाद क्रू मेंबर्स और आसपास मौजूद लोग गाड़ी की ओर दौड़ते नजर आते हैं।

इमरान के पास गिरने का दावा, पुष्टि नहीं

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि SUV गिरने के वक्त इमरान हाशमी भी सेट पर मौजूद थे और गाड़ी उनके बेहद करीब आकर गिरी। हालांकि, वायरल वीडियो में उनका चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं देता है। अभिनेता की मौजूदगी और उनके बाल-बाल बचने के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म के मेकर्स ने भी यह स्पष्ट नहीं किया है कि SUV का पलटना तय स्टंट का हिस्सा था या क्रेन के मैकेनिज्म में खराबी आने से ऐसा हुआ।

फिल्म में इमरान के साथ नजर आएंगे ये कलाकार

गनमास्टर G9 एक एक्शन-रोमांस थ्रिलर फिल्म है। इसमें इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त कर रहे हैं। इसकी कहानी सरीम मोमिन और जुनैद वासी ने लिखी है।

फिल्म में इमरान हाशमी ईश्वर, जेनेलिया डिसूजा आरती और अपारशक्ति खुराना देसू की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर हैं।

Related Articles

Back to top button