ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार: CM साय ने पीएम जनमन हितग्राही को सौंपी नए घर की चाबी, कराया गृह प्रवेश

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत जारी राज्यव्यापी दौरे में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सरोधी में प्रधानमंत्री जनमन योजना के हितग्राही सुभान सिंह मेरावी को उनके नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी और गृह प्रवेश कराया। इस दौरान गांव में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

सुभान सिंह मेरावी ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि मुख्यमंत्री स्वयं उनके गांव आकर उन्हें यह सौभाग्य देंगे। उनके लिए यह घर सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि सम्मान और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उन्हें वन अधिकार पट्टा के तहत 3 एकड़ 2 डिसमिल भूमि मिली है, जिस पर वे खेती कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के तहत नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे घरेलू जरूरतों में मदद मिलती है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

यह कार्यक्रम सुशासन तिहार के तहत सरकार और आमजन के बीच विश्वास और जुड़ाव को मजबूत करने का एक और उदाहरण बनकर सामने आया।

Related Articles

Back to top button