घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: प्रदेश भर में 214 छापे, 1013 गैस सिलेंडर जब्त; रायपुर-बिलासपुर में सबसे ज्यादा कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए खाद्य विभाग और जिला प्रशासन ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले की समीक्षा बैठक में खुलासा हुआ कि अब तक प्रदेश भर में 214 स्थानों पर छापेमारी कर 1013 घरेलू सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
रायपुर और बिलासपुर कार्रवाई में सबसे आगे
प्रशासनिक सख्ती का सबसे ज्यादा असर राजधानी और न्यायधानी में देखने को मिला है। रायपुर: सर्वाधिक 392 सिलेंडर जब्त। बिलासपुर: 201 सिलेंडरों की जब्ती। खाद्य सचिव ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस केवल निर्धारित घरेलू कार्यों के लिए है। इसका व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
बुकिंग के लिए नए नंबर जारी, सप्लाई बढ़ाने के निर्देश
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने नए बुकिंग नंबर जारी किए हैं। मोबाइल नंबर: 8927225667, IVRS नंबर: 8391990070, खाद्य सचिव ने सभी ऑयल कंपनियों को लंबित बुकिंग जल्द निपटाने और जिलों में आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि आम जनता को असुविधा न हो।
कमर्शियल गैस के लिए ‘कोटा सिस्टम’
भारत सरकार के दिशा-निर्देशों पर अब कमर्शियल गैस वितरण के लिए प्राथमिकता प्रणाली लागू की गई है। अस्पताल, स्कूल, जेल, रेलवे और एयरपोर्ट कैंटीन को पूरी जरूरत के मुताबिक गैस मिलेगी। सरकारी दफ्तरों और उनके गेस्ट हाउस को पिछले उपभोग का आधा कोटा मिलेगा। होटल, रेस्टोरेंट और बीज उत्पादक इकाइयों को निर्धारित सीमा में ही कमर्शियल सिलेंडर दिए जाएंगे।
शिकायत के लिए सक्रिय हुआ कॉल सेंटर
गैस बुकिंग या आपूर्ति में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 और 1967 को सक्रिय कर दिया है। यहां प्राप्त शिकायतों का ऑयल कंपनियों के समन्वय से तत्काल निराकरण किया जा रहा है।





