ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून धीमा, आज हल्की बारिश के आसार;रायपुर में 21% अधिक बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का असर फिलहाल कमजोर पड़ गया है। पिछले 24 घंटे में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बौछारें पड़ने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटे में लोरमी, दरीमा और कुमर्दा में 10-10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में 1 जून से अब तक औसत बारिश सामान्य के आसपास है, लेकिन जिलेवार आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।

बलरामपुर सबसे ज्यादा भीगा

बलरामपुर में अब तक 1433.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 75% ज्यादा है। वहीं बेमेतरा में 536.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 39% कम है। यानी दोनों जिलों की बारिश में करीब 896 मिमी का अंतर है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 44%, मुंगेली में 32%, बालौदा बाजार और नारायणपुर में 23%, रायपुर में 21% और महासमुंद में 20% ज्यादा बारिश हुई है।

इसके उलट सरगुजा में 37%, कांकेर में 36% और जशपुर में 33% बारिश की कमी दर्ज की गई है।

रायपुर में 1027.5 मिमी बारिश

राजधानी रायपुर में अब तक 1027.5 मिमी बारिश हुई है। सामान्य आंकड़ा 852 मिमी है। यानी यहां 175.5 मिमी यानी 21% ज्यादा पानी गिरा है। प्रदेश के 33 जिलों में 7 में सामान्य से 20% या अधिक बारिश हुई है, जबकि 4 जिलों में 20% से ज्यादा कमी है।

तापमान में भी उतार-चढ़ाव

शुक्रवार को जगदलपुर प्रदेश का सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।

Related Articles

Back to top button