ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अब 425 रुपए क्विंटल बिकेगा गन्ना, पुराने भुगतान में भी बढ़ी दर का लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गन्ना उत्पादक किसानों को अब शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी पर 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित में यह निर्णय लिया है। पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के आधार पर किया जाएगा। इससे प्रदेश के गन्ना किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री साय ने भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान यह निर्णय लिया। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने का विषय भी उठा। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।

सीएम साय ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिले और खेती लाभकारी बने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रही हैं।

गांवों की समृद्धि से बढ़ेगी प्रदेश की खुशहाली

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में किसानों की अहम भूमिका है। खेती मजबूत होगी तो गांवों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और इससे छत्तीसगढ़ की समृद्धि का रास्ता खुलेगा। सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान और उन्हें उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना खरीदी की दर बढ़ाने और पुराने पेराई सत्र के भुगतान में भी इसका लाभ देने के फैसले पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

Related Articles

Back to top button