छत्तीसगढ़ChhattisgarhStateNews

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का असर: एक कॉल पर 24 घंटे में किसान की समस्या का समाधान

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है।

इसका एक उदाहरण सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सराईटीकरा निवासी किसान राजनाथ राजवाड़े का मामला है, जहां केवल एक फोन कॉल के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर उनकी समस्या का समाधान कर दिया।

खरीफ फसल की तैयारी में जुटे किसान राजनाथ राजवाड़े खाद की व्यवस्था को लेकर परेशान थे। इसी दौरान खेत में बैल चराते समय उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली।

उन्होंने तत्काल अपनी समस्या दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के कुछ ही समय बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने महज दो घंटे के भीतर किसान से संपर्क कर उनकी समस्या की जानकारी ली और सीधे उनके घर पहुंच गए।

जांच में पता चला कि सरकारी व्यवस्था के तहत खाद-बीज प्राप्त करने के लिए किसान का सहकारी बैंक में खाता होना और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनना जरूरी है।

अधिकारियों ने किसान की सहायता करते हुए बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया पूरी कराई। बैंक का समय समाप्त होने के कारण अगले दिन सहकारी बैंक पहुंचकर उनका खाता खुलवाया गया।

इसके बाद पासबुक जारी कर आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की गई। कुछ ही समय में किसान का किसान क्रेडिट कार्ड भी तैयार कर दिया गया।

केसीसी बनने के बाद राजनाथ राजवाड़े को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध कराया गया। इससे उन्हें खरीफ फसल की तैयारी में बड़ी राहत मिली। साथ ही अब वे कृषि कार्यों के लिए बैंक से ऋण और अन्य सुविधाओं का लाभ भी आसानी से ले सकेंगे।

किसान ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें किसी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े। प्रशासनिक अधिकारियों ने घर पहुंचकर पूरी मदद की और समय पर समस्या का समाधान किया।

राजनाथ राजवाड़े ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को किसानों और आम नागरिकों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बन रही हैं।

Related Articles

Back to top button