राज्यपाल रमेन डेका से मिले सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थी

बोले- सफलता का आधार अनुशासन; लक्ष्य तय कर मेहनत और आत्मनियंत्रण से आगे बढ़ें
रायपुर। रायपुर में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। विद्यार्थियों ने राज्यपाल से संवाद किया और उनके जीवन, करियर और सार्वजनिक जीवन से जुड़े सवाल पूछे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन, आत्मनियंत्रण और कठोर परिश्रम को जीवन का आधार बनाने की सलाह दी।
राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें सैनिक स्कूल जैसी उत्कृष्ट संस्था में पढ़ने का अवसर मिला है। यहां पढ़ाई के साथ अनुशासन, समय की पाबंदी और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सफलता का सबसे मजबूत आधार अनुशासन है। विद्यार्थी अपनी दिनचर्या में अनुशासन बनाए रखें और अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं।
तनाव से निपटने के लिए क्षमताओं को पहचानें
राज्यपाल ने कहा कि पढ़ाई, नौकरी और करियर को लेकर तनाव आज बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए जो उपलब्ध है, उसमें संतुष्ट रहना और अपनी क्षमताओं को पहचानना जरूरी है। मन को नियंत्रित रखते हुए योग्यता और ऊर्जा का सही उपयोग किया जाए तो सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपना लक्ष्य पहले तय करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करें। गुरुजनों और माता-पिता की सलाह को गंभीरता से सुनें, लेकिन निर्णय लेते समय तर्क और बुद्धि का भी इस्तेमाल करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी ‘थिंकिंग प्रोसेस’ सक्रिय रखने की सलाह दी।
विद्यार्थियों के सवालों के दिए जवाब
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल से उनके जीवन और सार्वजनिक जिम्मेदारियों से जुड़े कई सवाल पूछे। राज्यपाल ने सहजता से उनके सवालों के जवाब दिए और अपने संवैधानिक पद की जिम्मेदारियों के साथ सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा किए।
इस दौरान सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों को लोक भवन का भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के शिक्षक भी मौजूद रहे।





