शेयर बाजार में आज फिर गिरावट, सेंसेक्स 100 अंक लुढ़का; ऑटो-मेटल शेयरों में बिकवाली

निफ्टी भी 50 अंक नीचे; अन्नू प्रोजेक्ट्स का IPO खुला, 28 अगस्त तक लगा सकेंगे बोली
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 25 अगस्त को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। सेंसेक्स 100 अंक से ज्यादा टूटकर करीब 77,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
वहीं निफ्टी में भी करीब 50 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 24,150 के आसपास बना हुआ है। बाजार में ऑटो और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिल रही है।
निवेशकों के लिए मंगलवार को अन्नू प्रोजेक्ट्स का IPO भी खुल गया है। कंपनी इस इश्यू के जरिए करीब 175.06 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। IPO में निवेशक 28 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे। बाजार में गिरावट के बीच इस नए इश्यू पर भी निवेशकों की नजर बनी हुई है।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिलाजुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.96% गिरा, जबकि जापान के निक्केई में 0.11% की मामूली तेजी रही। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग भी 0.36% नीचे कारोबार करता नजर आया।
इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी मिला-जुला रुख रहा था। डाउ जोन्स 0.26% चढ़ा, जबकि नैस्डैक 0.76% और S&P 500 में 0.28% की गिरावट दर्ज की गई।
घरेलू निवेशकों की खरीदारी जारी
बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII की खरीदारी जारी है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 7 दिनों में DII ने करीब 12,129 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। वहीं विदेशी निवेशकों यानी FII/FPI की खरीदारी करीब 464 करोड़ रुपए रही।
सोमवार, 24 अगस्त को भी बाजार में गिरावट रही थी। सेंसेक्स 172 अंक टूटकर 77,369 पर और निफ्टी 33 अंक गिरकर 24,219 के स्तर पर बंद हुआ था।





