रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अवसर पर जिला चिकित्सालय सूरजपुर में 32 स्लाइस अत्याधुनिक CT स्कैन मशीन का वर्चुअल शुभारंभ किया।
करीब 4 करोड़ 49 लाख 99 हजार रुपए की लागत से स्थापित यह सुविधा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, CGMSC और मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष (CMPHTF) के माध्यम से शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सुविधा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगी और लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है।
नई CT स्कैन सुविधा शुरू होने से सूरजपुर जिले की लगभग 9 लाख 11 हजार आबादी के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
अब सड़क दुर्घटनाओं में हेड इंजरी, ब्रेन हेमरेज, ब्लड क्लॉट, कैंसर, ट्यूमर, स्ट्रोक, छाती और पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियों सहित मिर्गी जैसी जटिल बीमारियों की जांच जिला अस्पताल में ही संभव हो सकेगी।
अब तक इन जांचों के लिए मरीजों को अंबिकापुर रेफर किया जाता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
नई सुविधा शुरू होने से अब मरीजों को बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी और निजी केंद्रों की तुलना में कम खर्च पर जांच की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की 24×7 टीम भी तैनात की गई है। इससे मरीजों को लगातार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। सरकार का मानना है कि इस सुविधा से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी।
