रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अशोका-रतन अपार्टमेंट में गुरुवार को एक बीटेक छात्र ने 6वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था।
मृतक की पहचान गौरव जायसवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भिलाई में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 11:30 से 12 बजे के बीच उसने अशोका-रतन अपार्टमेंट के ब्लॉक नंबर-9 की छठवीं मंजिल से छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो छात्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला।
घटना के बाद परिजनों और पड़ोसियों की मदद से गौरव को तत्काल विधानसभा क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि गौरव कुछ दिनों से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहा था। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस ने मौके से छात्र का चश्मा और चप्पल बरामद किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
गौरव परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिजनों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
