रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: ऊंचाई से गिरा इलेक्ट्रीशियन, इलाज के दौरान मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में फॉल्स सीलिंग रिपेयरिंग के दौरान एक संविदा इलेक्ट्रीशियन करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कुबेर चंद्र साहू के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट परिसर के सिक्योरिटी होल्ड एरिया (SHA) के फर्स्ट फ्लोर पर सुधार कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुबेर चंद्र साहू फॉल्स सीलिंग पर चढ़कर काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह बिना सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया।

घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत घायल कर्मी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ठेका एजेंसी और एयरपोर्ट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

एयरपोर्ट प्रबंधन के मीडिया प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण कर्मचारी को चक्कर और बेहोशी महसूस हुई थी, जिसके चलते वह नीचे गिर गया। प्रबंधन ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस और संबंधित प्राधिकरणों को दे दी गई है और नियमानुसार जांच की जा रही है।

इधर, सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऊंचाई पर काम के दौरान सेफ्टी किट और सुरक्षा उपकरण नहीं होने को लेकर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version